एवरेस्ट फतह के लिए तैयार छत्तीसगढ़ की बेटी अमिता श्रीवास, 9 अप्रैल को काठमांडू रवाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में हैं। माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ वह 9 अप्रैल को काठमांडू के लिए रवाना होंगी। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता का यह सफर सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की उम्मीदों, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत के दम पर कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं होती।
अमिता इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर माउंट किलिमंजारो फतह कर अपनी क्षमता का परिचय दे चुकी हैं। उनका यह नया अभियान प्रदेश की युवा पीढ़ी, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और नई पहचान गढ़ रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि अमिता एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा लहराकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगी।



