अंबिकापुर से हज यात्रियों को भावभीनी विदाई, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी दुआओं के साथ शुभकामनाएं

रायपुर। अंबिकापुर में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम आस्था, सम्मान और भाईचारे का प्रतीक बन गया। इस खास मौके पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हज यात्रा पर रवाना हो रहे जायरीनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और सफल सफर की कामना की।
अपने संबोधन में मंत्री ने हज यात्रा को इस्लाम धर्म की सबसे पवित्र परंपराओं में से एक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि, समर्पण और अनुशासन का अनूठा संगम है। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान और सहयोग की भावना के साथ काम कर रही है।
मंत्री ने हज यात्रियों से अपील की कि वे इस पवित्र यात्रा के दौरान देश और प्रदेश की शांति, खुशहाली और समृद्धि के लिए भी दुआ करें। साथ ही, उन्होंने हज कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में समिति की भूमिका बेहद सराहनीय है।
कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, अन्य सदस्यगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर हज यात्रियों को भावभीनी विदाई दी।
इस दौरान यात्रियों को यात्रा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई, ताकि उनका सफर पूरी तरह सुरक्षित और सुगम हो सके।




