महासमुंद में ‘स्मार्ट क्रिकेट’ की एंट्री! बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड ने बदली खेल की तस्वीर

रायपुर। महासमुंद जिले के फॉरेस्ट ग्राउंड में तैयार किया गया आधुनिक बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड अब युवाओं और बच्चों के लिए खेल का नया हब बनकर उभरा है। अगस्त 2025 में शुरू हुए इस ग्राउंड ने शहर में खेल मैदानों की कमी की समस्या को काफी हद तक दूर कर दिया है।
पहले जहां बच्चों और खिलाड़ियों को ट्रैफिक से भरी गलियों में क्रिकेट खेलने को मजबूर होना पड़ता था, वहीं अब उन्हें एक सुरक्षित और सुविधाजनक जगह मिल गई है। हाउसिंग बोर्ड द्वारा करीब 4842 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित यह ग्राउंड सीमित जगह में बेहतर खेल सुविधाओं का शानदार उदाहरण है।
सुबह 6 से 9 बजे और शाम 4 से 8 बजे तक दो पालियों में संचालित इस ग्राउंड में हर उम्र के लोग अपनी सुविधा के अनुसार खेल का आनंद ले रहे हैं। 15-20 मिनट के छोटे फॉर्मेट वाले मैच खासतौर पर व्यस्त लोगों के लिए फिटनेस और मनोरंजन का बेहतरीन विकल्प बन गए हैं।
फ्लडलाइट, मजबूत नेटिंग और फ्लोर मैट जैसी सुविधाओं से लैस यह ग्राउंड पूरी तरह सुरक्षित है। इससे न तो गेंद खोने का डर रहता है और न ही आसपास नुकसान का खतरा। कम खिलाड़ियों के साथ भी आसानी से खेला जा सकता है, जिससे यह सभी आयु वर्ग के लिए उपयुक्त बन गया है।
करीब 25.07 लाख रुपए की लागत से बने इस प्रोजेक्ट ने जिले की खेल अधोसंरचना को नई मजबूती दी है। क्रिकेट कोच तृपेश कुमार साहू के अनुसार, यहां अभ्यास करने से समय की बचत होती है और खिलाड़ी कम समय में अपनी तकनीक को बेहतर बना रहे हैं, जिससे वे प्रतियोगिताओं के लिए ज्यादा तैयार हो रहे हैं।



