जेश अग्रवाल ने रखा ‘अग्रोहा पैलेस’ का शिलान्यास, सेवा और समर्पण का संदेश

रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर में प्रस्तावित ‘अग्रोहा पैलेस’ का भूमिपूजन कर इसकी आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के वंशज होना केवल पहचान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। सेवा, त्याग और लोककल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह परियोजना समाज की एकजुटता और सामूहिक भागीदारी का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भवन का महत्व सिर्फ उसकी भव्यता में नहीं, बल्कि उसमें छिपी सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण में होता है। उन्होंने भरोसा जताया कि समाज के सहयोग से बनने वाला ‘अग्रोहा पैलेस’ आने वाले समय में जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
जानकारी के अनुसार, इस परिसर में 150 आधुनिक कमरे, विशाल हॉल और सभी सुविधाओं से युक्त लॉन तैयार किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे मध्य भारत में एक अलग पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अग्र समाज का इतिहास सेवा और लोककल्याण की परंपराओं से भरा हुआ है। पूर्वजों ने धर्मशालाओं, बावड़ियों और अन्न क्षेत्र के माध्यम से समाज सेवा का आदर्श स्थापित किया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस प्रकल्प को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाए। साथ ही गरीब बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों के इलाज और बेटियों के सम्मानजनक विवाह में सहयोग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि ‘अग्रोहा पैलेस’ वास्तव में समाज सेवा का केंद्र बन सके।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा अंबिकापुर के अध्यक्ष संजय मित्तल, अजय अग्रवाल, बाबूलाल गोयल, योगेश अग्रवाल, विनोद, कृष्ण कुमार, मनोज जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




