छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सूरजपुर के वनांचल में पहली बार जलेगी बिजली, दर्जनों गांवों में विकास की नई रोशनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विकास को अब नई रफ्तार मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ऐसे इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर काम कर रही है, जहां अब तक विकास की रोशनी नहीं पहुंच पाई थी।

इसी दिशा में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल रंग लाई है। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के कई गांवों में पहली बार बिजली पहुंचाने की बड़ी योजना को मंजूरी मिल गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने दर्जनों गांवों और टोलों के विद्युतीकरण के लिए तकनीकी स्वीकृति देते हुए काम शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

इस योजना के तहत कोल्हुआ, महुली, करोटी, चोंगा समेत कई गांवों के अलग-अलग पारा और टोले अब रोशनी से जगमगाएंगे। वहीं कछवारी, खैरा, नवडीहा और कछिया जैसे इलाकों में भी पहली बार नियमित बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

परियोजना की जिम्मेदारी सूरजपुर के कार्यपालन अभियंता को सौंपी गई है, ताकि तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा हो सके। यह मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा उठाई जा रही थी, जिसे अब सरकार ने प्राथमिकता देते हुए पूरा किया है।

करोड़ों रुपये की लागत से 28 से अधिक विद्युतीकरण कार्यों को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बिजली पहुंचने से न सिर्फ घरों में उजाला होगा, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाएं, छोटे व्यवसाय और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश में विकास की रोशनी अब अंतिम छोर तक पहुंच रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button