छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

लोकभवन में छात्राओं से सीधा संवाद: राज्यपाल ने दिए अनुशासन, मेहनत और आत्मसंतोष के मंत्र

रायपुर। लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर के संत गोविंद राम शदाणी शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, देवेंद्र नगर की छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस संवाद में उन्होंने शिक्षा, जीवन प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर खुलकर चर्चा की और छात्राओं के सवालों के सरल व व्यावहारिक जवाब दिए।

छत्तीसगढ़ मण्डपम में हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र समझाते हुए कहा कि अनुशासन और सुनियोजित जीवन ही आगे बढ़ने की कुंजी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के कोई भी उपलब्धि हासिल नहीं की जा सकती। साथ ही, जीवन में मानवीय मूल्यों को अपनाने और शिक्षा के जरिए इनका विकास करने की आवश्यकता बताई।

राज्यपाल ने मानसिक संतुलन पर भी खास बात करते हुए कहा कि खुशी बाहर नहीं, बल्कि हमारे भीतर होती है। दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने पास जो है, उसमें संतुष्टि ढूंढना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग और तनाव को सकारात्मक ऊर्जा में बदलने के उपाय भी सुझाए।

महिला सशक्तिकरण पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का स्थान सर्वोच्च है। नारी को जीवन के लिए उतना ही आवश्यक बताया जितना पानी को, यह कहते हुए उन्होंने महिलाओं की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उनके सवालों का समाधान किया। अंत में राज्यपाल ने छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. उषा अग्रवाल, शदाणी दरबार के संत युधिष्ठिर लाल महाराज, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button