‘सुशासन तिहार 2026’: गांव पहुंचा प्रशासन, चौपाल में मुख्यमंत्री ने सुनी जनता की आवाज, मौके पर समाधान के निर्देश

रायपुर। प्रदेश में चल रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे, जहां उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस पहल के जरिए सरकार ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि अब प्रशासन खुद जनता के दरवाजे तक पहुंच रहा है।
चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि योजनाएं बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।
ग्राम सुआरपारा के निवासी राजेश शुक्ला ने आर्थिक परेशानियों का जिक्र करते हुए बिजली बिल माफी और सहायता की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशील रुख अपनाते हुए अधिकारियों को बिल माफी की प्रक्रिया शुरू करने और जरूरत के अनुसार आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए। इस फैसले से राहत महसूस करते हुए शुक्ला ने कहा कि लंबे समय बाद उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि यह 40 दिवसीय अभियान शासन की कार्यप्रणाली में बदलाव लाने का प्रयास है। अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि प्रशासन खुद गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई और हितग्राहियों से सीधे फीडबैक भी लिया गया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




