Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

वीआईपी कल्चर को टंक राम वर्मा का बड़ा झटका, सरकारी दौरों में पायलट-फॉलो गाड़ियों पर लगाई रोक

Tank Ram Verma strikes a blow to VIP culture, bans pilot-follow vehicles on official tours

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने वीआईपी कल्चर को कम करने और सरकारी संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने अपने सरकारी दौरों के दौरान उपयोग होने वाले पायलट और फॉलो वाहनों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के आह्वान से प्रेरित होकर मंत्री वर्मा ने यह पहल की है। अब वे अपने स्टाफ के साथ सीमित संख्या में वाहनों के काफिले के साथ यात्रा करेंगे। इस निर्णय को प्रशासनिक सादगी, जवाबदेही और सरकारी खर्च में कटौती की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

टंक राम वर्मा ने कहा कि देश चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से गुजर रहा है और ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उनके अनुसार इस फैसले से ईंधन की बचत होगी, सरकारी खर्च कम होगा और आम लोगों के बीच ऊर्जा संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।

मंत्री के इस निर्णय की सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि यह पहल जिम्मेदार नेतृत्व और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि की पहचान को और मजबूत करती है।