करहीबाजार समाधान शिविर में सीएम साय का बड़ा ऐलान, गांव-गांव पहुंचकर समस्याएं सुलझा रही सरकार

रायपुर। बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार को सीधे गांवों तक पहुंचाकर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि सरकार खुद गांवों में जाकर यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में बैठकर ग्रामीण इलाकों की वास्तविक स्थिति को पूरी तरह समझना संभव नहीं है, इसलिए पूरी प्रशासनिक टीम गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में कई समाधान शिविर आयोजित हो चुके हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की गारंटियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की गई और दो साल का बकाया बोनस भी दिया गया। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की हजारों महिलाएं अब आत्मनिर्भर बनकर छोटे व्यवसायों के जरिए अपनी आय बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए गए हैं, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, बैंकिंग और राजस्व सेवाएं गांव में ही मिल रही हैं। साथ ही रजिस्ट्री के तुरंत बाद नामांतरण की सुविधा भी शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके जरिए लोग ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर पर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और समयबद्ध समाधान मिलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया और युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए।




