छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कुटरु के समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, धूप में भी योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे हजारों ग्रामीण

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार के तहत बीजापुर जिले के कुटरु में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला। तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद हजारों ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने शिविर में पहुंचे। जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक फायदा उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और तेंदूपत्ता संग्रहण जैसी योजनाओं की जानकारी दी।

इस विशाल शिविर में गुदमा, कोमपल्ली, केतुलनार, सकनापल्ली, अड़ावली, अम्बेली, कुटरु, मंगापेठा, दरभा, उसकापटनम, करकेली, हुर्रागुबाली, फरसेगढ़, रानीबोदली, सागमेटा, पेंकरम, सोमनपल्ली और मण्डेम सहित कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बस्तर मुन्ने कार्यक्रम पर जोर

मुख्य अतिथि ने कहा कि “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के तहत हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना प्रशासन का संकल्प है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने दस्तावेज समय पर तैयार रखें और शिविरों में तैनात अधिकारियों का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि डीबीटी के जरिए अधिकांश योजनाओं की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है, इसलिए आधार और बैंक खाते का लिंक होना जरूरी है। साथ ही आयुष्मान कार्ड के जरिए सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा की जानकारी भी दी गई।

शिविर में दिखा सामाजिक सरोकार

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह पूरे कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुए इस आयोजन ने शिविर को भावनात्मक और पारिवारिक माहौल में बदल दिया।

24 विभागों ने लगाए स्टॉल

ग्रामीणों की सुविधा के लिए 24 से अधिक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नए मकानों की चाबियां सौंपी गईं। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। कृषि, मत्स्य, राजस्व और अन्य विभागों द्वारा जरूरी सामग्री और लाभ वितरित किए गए। जनसंपर्क विभाग ने शासन की योजनाओं से जुड़ी जानकारी और प्रकाशनों का निःशुल्क वितरण किया।

समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा

शिविर में ग्रामीणों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सौंपे। अधिकारियों ने सभी आवेदनों के जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष दशरी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य प्रीति आरकी, जनपद उपाध्यक्ष जितेंद्र लेकाम, एसडीएम भैरमगढ़, जनपद पंचायत सीईओ सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button