छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

समर्थ पोर्टल हैक से मचा हड़कंप! बिलासपुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक की आशंका, छात्रों का डेटा भी खतरे में?

देशभर में NTA पेपर लीक विवाद के बीच अब छत्तीसगढ़ की गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय भी नए विवाद में घिरती नजर आ रही है। विश्वविद्यालय का “समर्थ पोर्टल” हैक होने की खबर सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस साइबर सेंधमारी के कारण परीक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज और प्रश्नपत्र भी लीक हो सकते हैं।

विश्वविद्यालय में इस समय यूजी, पीजी और विभिन्न विभागों की सेमेस्टर परीक्षाएं जारी हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों के पास परीक्षा से पहले ऐसे प्रश्नपत्र पहुंचने का दावा किया गया है, जिनके सवाल बाद में हुई परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी मेल खाते बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ये प्रश्नपत्र असली थे या फर्जी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने देर रात आपात बैठक बुलाई और जांच के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि समर्थ पोर्टल में छात्रों के आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, शैक्षणिक दस्तावेज और प्रशासनिक रिकॉर्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां मौजूद रहती हैं। ऐसे में पोर्टल हैक होने की खबर ने डेटा सुरक्षा को लेकर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अभी तक प्रश्नपत्र लीक होने के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर पोर्टल में सेंध कैसे लगी और इसका दायरा कितना बड़ा है।

इस पूरे घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि छात्र निष्पक्ष जांच और मजबूत डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button