बिलासपुर के व्यापार विहार में तेल एजेंसी में भड़की भीषण आग, लाखों का सामान खाक होने की आशंका

बिलासपुर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र व्यापार विहार में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाद्य तेल एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित चौधरी एजेंसी की बताई जा रही है, जहां बड़ी मात्रा में खाद्य तेल और अन्य सामग्री का भंडारण किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी से उठती आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। हालात बिगड़ते देख आसपास मौजूद व्यापारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग तत्काल बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में गोदाम और विभिन्न एजेंसियां संचालित होती हैं। ऐसे में आग के आसपास स्थित अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों को आशंका है कि यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के जवान लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं, हालांकि खाद्य तेल का स्टॉक अधिक होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आसपास के प्रतिष्ठानों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।




