सुशासन तिहार में महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, 19.32 करोड़ की ऋण सहायता से बढ़ेगा स्वरोजगार

कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ी पहल की। इस अवसर पर महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के विस्तार और नए स्वरोजगार शुरू करने के लिए कुल 19 करोड़ 32 लाख 76 हजार रुपये की ऋण सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से गांवों की तस्वीर बदलेगी और परिवारों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने महिलाओं को नए रोजगार और उद्यम शुरू करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
ऋण सहायता प्राप्त करने वाली महिला समूहों की सदस्यों ने खुशी जताते हुए सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह सहायता जिला प्रशासन, जिला पंचायत और जिला मिशन प्रबंधन इकाई द्वारा संचालित लखपति पखवाड़ा अभियान के तहत प्राप्त मांगों के आधार पर उपलब्ध कराई गई है।
लखपति दीदी योजना के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग और अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। इसके लिए महिलाओं की जरूरतों का सर्वे कर उन्हें ऋण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे अपने व्यवसाय की शुरुआत या विस्तार कर सकें।
अभियान को ग्राम पंचायत स्तर पर चार चरणों में संचालित किया गया, जिसमें मांग संग्रहण से लेकर राशि वितरण तक की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से पूरा किया गया। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से पहली बार उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं को भी अवसर मिलेगा और वे आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ सकेंगी।


