सुशासन तिहार बना जनविश्वास का मंच, सरगांव और लोरमी में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में आयोजित सुशासन तिहार जनसरोकार और जनविश्वास का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत सरगांव स्थित आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा नगर पालिका लोरमी के वन डिपो परिसर राम्हेपुर में समाधान शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और नागरिकों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सरगांव में आयोजित शिविर में विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
लोरमी में आयोजित समाधान शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष वर्मा ने नागरिकों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। एसडीएम अजीत पुजारी ने कहा कि सुशासन तिहार राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिविर के दौरान किसानों को अरहर मिनी किट, केसीसी चेक, हितग्राहियों को आयुष्मान, वय वंदना और आभा कार्ड, पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत चेक वितरित किए गए। वहीं विद्यार्थियों को बैग और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इधर, सुशासन तिहार के अंतर्गत 9 जून को पथरिया विकासखंड के ग्राम धरदेई में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें धरदेई क्लस्टर के 26 गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।



