14 जून को जांजगीर-चांपा दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, करोड़ों के विकास कार्यों की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 जून को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सत्य निज नाम बोध संस्थान पोंड़ी (राछा) में आयोजित सत्य निज नाम सत्संग सम्मेलन में भी शामिल होकर संत समाज और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद कमलेश जांगड़े समेत क्षेत्र के कई विधायक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इस कार्यक्रम को जांजगीर-चांपा जिले में विकास और सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक मंच पर शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता देखने को मिलेगी।




