बलौदाबाजार में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज रेत ले जा रहे 10 हाइवा जब्त

बलौदाबाजार जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया।
एसडीएम सिमगा के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे सिमगा स्थित जायसवाल फैमिली ढाबा के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई हाइवा वाहनों में रेत का परिवहन किया जा रहा था। टीम ने चालकों से परिवहन पास और संबंधित दस्तावेज मांगे।
जांच में एक वाहन चालक द्वारा वैध परिवहन पास प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष 10 वाहनों के चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अपनी गाड़ियों की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पंचनामा तैयार कर वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत कारोबार, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।




