बलौदाबाजार में शाला प्रवेश उत्सव की धूम, बच्चों को मिला शिक्षा सामग्री और साइकिल का उपहार, मिशन उत्कर्ष 2027 की शुरुआत

बलौदाबाजार जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन जिला ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने माँ सरस्वती और भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह की शुरुआत की। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कर स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई तथा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मिशन उत्कर्ष 2027 का भी शुभारंभ किया गया। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिक्षा के प्रति बच्चों का उत्साह और मेहनत ही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत की जाएगी, जिसके माध्यम से 400 से अधिक शिक्षकों की मानदेय आधार पर नियुक्ति की जाएगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और 10वीं-12वीं के बेहतर परीक्षा परिणामों के उद्देश्य से मिशन उत्कर्ष 2027 शुरू किया गया है। इसके तहत उत्कृष्ट व्याख्याताओं की विषयवार टीम बनाई जाएगी, जो शिक्षक विहीन विषयों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेगी। साथ ही मॉडल प्रश्न पत्रों के आधार पर हर माह विद्यार्थियों की परीक्षा भी ली जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



