छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

AI से डरें नहीं, उसे अपनाकर भविष्य गढ़ें: ओ.पी. चौधरी का युवाओं को संदेश

रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (एमएआईसी) में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन “Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact” में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था का है, इसलिए युवाओं को बदलाव से घबराने के बजाय उसे अपने करियर और भविष्य का अवसर बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार की मजबूत नींव पर टिका रहा है। एलन मस्क, एनवीडिया और एप्पल जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आज तकनीक की ताकत कई देशों की अर्थव्यवस्था से भी बड़ी हो चुकी है। उनका स्पष्ट संदेश था कि जो AI को अपनाएगा, वही भविष्य का नेतृत्व करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि AI कई काम आसान बना सकता है, लेकिन मानवीय संवेदनशीलता, करुणा और सेवा भाव का विकल्प कभी नहीं बन सकता। इसलिए युवाओं को स्वास्थ्य, नर्सिंग और सेवा जैसे क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने नौकरी खोजने के बजाय स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

ओ.पी. चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विजन से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ सरकार “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047” पर कार्य कर रही है। इसके तहत नवा रायपुर को सेमीकंडक्टर, AI डेटा सेंटर और अत्याधुनिक तकनीकी अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के युवा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button