Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

जांजगीर-चांपा के कुष्ठ निवारक आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री, नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

Chief Minister visits leprosy eradication ashram in Janjgir-Champa; flags off new ambulance.

जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम पहुंचे, जहां संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की सेवा गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यहां समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की सम्मानपूर्वक सेवा की जा रही है, जो “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करती है। ऐसे संस्थान समाज में संवेदनशीलता, सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस आश्रमवासियों और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। इसके अलावा गौशाला में गौपूजन कर हरा चारा अर्पित किया तथा गौसेवा का संदेश दिया।

आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग इनिशिएटिव वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कैंसर की समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है तथा ऐसी सेवाओं का विस्तार होना चाहिए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, आश्रम के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।