Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

बीजापुर के मांझीगुड़ा में कृषि यंत्र बैंक का निरीक्षण, किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने पर जोर

Inspection of the farm machinery bank in Manjhiguda, Bijapur; emphasis on connecting farmers to modern farming practices.

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बीजापुर जिले के सुदूरवर्ती मांझीगुड़ा गांव का दौरा कर प्रगतिशील किसान योगेश बागड़े से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की फार्म मशीनरी बैंक (कृषि यंत्र बैंक) स्थापना योजना के तहत संचालित कृषि यंत्र बैंक का निरीक्षण किया और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कृषि यंत्रों की उपलब्धता, उनके उपयोग और योजना से किसानों को मिल रहे लाभ की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्र बैंक योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। इससे आधुनिक कृषि उपकरण आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, खेती की लागत घट रही है और उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हो रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। साथ ही कृषि यंत्र बैंक योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

दौरे के दौरान मंत्री ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है तथा किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel