छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

PM आवास सूची पर बवाल! जनपद अध्यक्ष का नाम शामिल, गरीब बाहर… बटंग गांव में उठे पक्षपात के आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बटंग में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की नई लाभार्थी सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के कई लोगों का आरोप है कि सूची में ऐसे परिवारों के नाम शामिल किए गए हैं जिन्हें आर्थिक रूप से सक्षम माना जाता है, जबकि वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले कई वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का नाम सूची से गायब है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।

सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि इसी गांव की निवासी और पाटन जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक का नाम भी कथित रूप से लाभार्थियों की सूची में शामिल है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि यदि जनप्रतिनिधियों और अपेक्षाकृत संपन्न परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा, तो गरीब और बेघर लोगों के लिए बनाई गई इस योजना का उद्देश्य कैसे पूरा होगा?

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस मामले में पंचायत सचिव से शिकायत की, लेकिन सचिव ने जवाब दिया कि पूरी सूची ऊपर से तैयार होकर आती है। हालांकि, ग्रामीण इस दलील से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि पात्र हितग्राहियों का सर्वे, सत्यापन और जानकारी जुटाने की प्रक्रिया स्थानीय स्तर से ही शुरू होती है, इसलिए पूरी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना उचित नहीं है।

अब गांव में यह मांग तेज हो गई है कि लाभार्थी सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वास्तविक पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाया जाए। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना की पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button