छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के बीच मंगलवार को विधानसभा परिसर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गूंज उठा। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप समेत सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब पूरे देश में जनभागीदारी का बड़ा आंदोलन बन चुका है। यह केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसके साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनता है, जिससे उसके संरक्षण की भावना स्वतः विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा।

उन्होंने कहा कि दुनिया आज जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और बढ़ते तापमान जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान के विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button