जशपुर में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा शुरू, परिवार नियोजन के लिए जागरूकता रथ रवाना

जशपुर जिले में स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवारों के निर्माण के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में परिवार नियोजन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिवार नियोजन के महत्व को हर घर तक पहुंचाया जाए और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए।
इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने परिवार नियोजन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण और शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा।
इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दंपतियों को दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतराल रखने, सुरक्षित मातृत्व अपनाने और परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी जा रही है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
पखवाड़े के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन, परामर्श शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया एवं माला-एन), निरोध सहित परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी सभी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। इच्छुक दंपतियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा परामर्श और सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
अभियान के तहत पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए सरकार 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दे रही है। 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ और खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।



