कबीरधाम में केंद्रीय टीम ने परखे विकसित भारत जी राम जी योजना के काम, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

कबीरधाम जिले में विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय टीम दो दिवसीय दौरे पर पहुंची। संयुक्त सचिव (वित्त) पी.के. शर्मा और अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, रोजगार सृजन और योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने केंद्रीय अधिकारियों को योजना की प्रगति और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने मैदानी कर्मचारियों की बैठक लेकर योजना के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बैठक में ग्रामीणों की भागीदारी से कार्यों का चयन, कार्य स्वीकृति प्रक्रिया, युक्त धारा पोर्टल पर कार्यों की प्रविष्टि, रोजगार की मांग, एनएमएमएस के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति, समय पर मजदूरी भुगतान तथा 125 दिनों के रोजगार के लिए नए कार्यों की स्वीकृति जैसे विषयों की समीक्षा की गई।
सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप पर्याप्त विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं और रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में कबीरधाम जिला लगातार प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय टीम ने संतोष व्यक्त किया।
केंद्रीय अधिकारियों ने रेंगाखारखुर्द में आंगनबाड़ी भवन, चिखली में तालाब आधारित मत्स्य पालन गतिविधि तथा पोड़ी में सामुदायिक बोरवेल रिचार्ज पिट और निजी आजीविका डबरी का निरीक्षण किया। हितग्राहियों से चर्चा के दौरान जानकारी मिली कि डबरी निर्माण से सिंचाई सुविधाएं बढ़ी हैं और मत्स्य पालन के जरिए अतिरिक्त आय का स्रोत विकसित हुआ है।
राजानवागांव में अधिकारियों ने मजदूरों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर योजना के उद्देश्यों, रोजगार, आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण और ग्राम विकास में सामुदायिक भागीदारी पर चर्चा की। ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
दौरे के अंतिम चरण में केंद्रीय टीम ने नेउरगांव खुर्द स्थित विकसित भारत जी राम जी उद्यान का निरीक्षण किया, जहां 500 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए हैं। अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण की समीक्षा की और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।




