छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं में तेजी और गुणवत्ता पर जोर

कवर्धा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और विकास कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिले के समग्र विकास में दिशा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए समय-सीमा तय कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड से अगरी तक सड़क निर्माण में लापरवाही पर अनुशंसित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन के तहत टंकी निर्माण और नल कनेक्शन विस्तार, सड़क निर्माण कार्यों तथा विकसित भारत जी-राम-जी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है और जहां भी कमियां होंगी, उन्हें दूर करते हुए कार्यों में लगातार सुधार किया जाएगा। बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं और अधोसंरचना सहित केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button