रायपुर में भक्ति और आस्था के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई छेरा-पहरा की परंपरा

राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
रथयात्रा प्रारंभ होने से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने परंपरागत छेरा-पहरा की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ मंदिर से रथ तक लाया गया और श्रद्धापूर्वक रथ पर विराजमान कराया गया। इसके साथ ही भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ।
मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ महाप्रभु के दर्शन किए और रथयात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकआस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह महापर्व सेवा, समर्पण, समानता और लोककल्याण का संदेश देकर समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है।




