छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर-रामानुजगंज बना प्रदेश का नंबर-1, 100% उपलब्धि से रचा नया रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनस्वास्थ्य विजन के तहत चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। यू-विन प्रगतिशील रिपोर्ट के अनुसार जिले ने शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर प्रदेश में नई मिसाल कायम की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जिला प्रशासन की सतत निगरानी के साथ बनाई गई प्रभावी रणनीति के चलते स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के संयुक्त प्रयासों से यह सफलता मिली। विशेष रूप से दूरस्थ और विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8,785 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 8,763 किशोरियों को टीका लगाया गया। अभियान के दौरान डोर-टू-डोर संपर्क, विशेष टीकाकरण सत्र, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र किशोरियों की पहचान की गई तथा अभिभावकों की शंकाओं का समाधान कर अभियान को सफल बनाया गया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता बेहतर समन्वय, टीमवर्क और जनसहभागिता का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button