कॉमनवेल्थ गेम्स में चमकी छत्तीसगढ़ की बेटी, सीएम साय ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि को वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए और अधिक पदक जीतकर प्रदेश का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी मुलाकात ज्ञानेश्वरी से हुई थी और अब उनकी सफलता पर दोबारा बातचीत करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का समर्थन और मुख्यमंत्री का उत्साहवर्धन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा।
गौरतलब है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए मिसाल माना जाता है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाया है।




