छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ललितपुर में सड़क हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कमर में चोट, हालत स्थिर

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-44 पर तालबेहट क्षेत्र के पास हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार किरण सिंह देव की कमर और कूल्हे में चोट आई है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक किरण सिंह देव परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। उन्होंने मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम, ओरछा के राजा राम मंदिर और दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर में दर्शन किए थे। रायपुर लौटते समय ललितपुर के तालबेहट के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। कार में मौजूद पीएसओ, निजी सहायक और चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी उनका हालचाल जानने पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button