लखनपुर जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़, मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

प्रदेश में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को लखनपुर स्थित अपने निवास पर जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से उन्होंने सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पर्यटन विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। मंत्री ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने और प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान होगा। उन्होंने कहा कि जनदर्शन सरकार और आम जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम है तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़े, यह सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था को मजबूत कर रही है। इसी सोच के तहत जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण किया जाए।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।




