छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राजनांदगांव में खेल प्रतिभाओं का जमावड़ा, 25वीं स्टेट जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज

राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 9 से 13 अगस्त 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती समेत कई खेलों में जिले के खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। राजनांदगांव को खेल नगरी के रूप में और विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने पर लगातार काम हो रहा है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर राशि का प्रावधान किया है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कोचिंग, प्रशिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के बच्चे खेलों के प्रति उत्साह के साथ मैदानों में पहुंच रहे हैं। सुबह बड़ी संख्या में बच्चे हॉकी, फुटबॉल और क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों का अभ्यास करते नजर आते हैं। यह जिले की मजबूत खेल संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ अब खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। ज्ञानेश्वरी यादव जैसी प्रतिभाओं ने विश्व स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है और यहां ऐसी कई प्रतिभाएं मौजूद हैं।

अरुण साव ने खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “जो खेलेगा, वही खिलेगा” को आत्मसात करते हुए पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि का उपयोग खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विकास में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना को लेकर प्रस्ताव मिलने पर जरूरत के अनुसार बजट का प्रावधान करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता से नई खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी और प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगी।

सांसद संतोष पाण्डेय ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राजनांदगांव में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन सहित कई खेलों में प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में उपलब्ध भवनों और संसाधनों का खिलाड़ियों के हित में बेहतर उपयोग करने तथा प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए जरूरी अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, योगेश बागड़ी और सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी समेत जनप्रतिनिधि, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button