जगदलपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

ऐतिहासिक लालबाग मैदान, जगदलपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश जनता के नाम वाचन किया।
समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
16 प्लाटूनों ने किया शानदार मार्चपास्ट
परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण भारती और परेड टू-आईसी उप निरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
शस्त्र सहित दलों में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन, सेड़वा ने प्रथम, सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन, कैंप जगदलपुर ने द्वितीय और जिला नगर सेना महिला बल, बस्तर ने तृतीय स्थान हासिल किया। अन्य दलों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
शस्त्र रहित दलों में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा प्रथम, पीजी कॉलेज धरमपुरा-02 द्वितीय और एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग, जगदलपुर तृतीय स्थान पर रहा।
शहीद परिवारों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
विजय शर्मा ने नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तितिरगांव के विद्यार्थियों ने प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर ने द्वितीय और निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, पुलिस एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




