छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

समाज कल्याण विभाग में प्रशासनिक और वित्तीय दक्षता बढ़ाने पर राज्यस्तरीय प्रशिक्षण

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशासनिक एवं वित्तीय दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27 आयोजित किया जा रहा है। राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केंद्र, माना कैंप, रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों को शासकीय कार्यों के सुचारू और नियमानुसार संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के पहले सत्र में छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता पर विस्तृत जानकारी दी गई। सेवानिवृत्त वित्त नियंत्रक, छत्तीसगढ़ वित्त शासन, तृप्ति शर्मा ने वित्तीय नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए शासकीय कार्यों में वित्तीय प्रावधानों के उचित अनुपालन के विभिन्न पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

दूसरे सत्र में कार्यालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अवर सचिव बी. एस. राजपूत ने सर्विस बुक के संधारण, नस्तियों के निर्माण एवं रख-रखाव, शासकीय पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग और आवक-जावक प्रक्रिया सहित विभिन्न कार्यालयीन कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को शासकीय प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन करने, दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में दक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इस राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय अमले की प्रशासनिक क्षमता, वित्तीय समझ और कार्यालयीन दक्षता को सुदृढ़ करना है, ताकि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं और सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके तथा हितग्राहियों को अधिक प्रभावी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button