छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर के नंदनवन का होगा कायाकल्प, 50 करोड़ की परियोजना से बदलेगी अटारी गांव की तस्वीर

रायपुर जिले के अटारी गांव स्थित नंदनवन को जल्द ही नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके पुनर्विकास की प्रस्तावित योजना को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया।

नंदनवन के कायाकल्प और विकास के लिए करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। प्रस्तावित परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना है। इसके तहत नंदनवन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

परियोजना के तहत नंदनवन स्थित बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित और पुनर्जीवित किया जाएगा। इसके अलावा पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए विभिन्न जन-सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना तैयार करते समय पर्यटकों की सुविधा, आकर्षण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने नंदनवन के प्रस्तावित विकास, बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन क्षमता को लेकर जानकारी साझा की।

समीक्षा बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, सीईओ चंदन कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नंदनवन के प्रस्तावित पुनर्विकास से रायपुर में एक बेहतर पर्यटन और पर्यावरण केंद्र विकसित होने की उम्मीद है। करीब 50 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए पहले से अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बन सकता है।

ये खबर भी पढ़ें—:

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button