बेमेतरा में गूंजा वीर नारायण सिंह का गौरव, 6 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा

बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिमा अनावरण के बाद वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए और बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
वीर नारायण सिंह के संघर्ष को किया याद
आदिवासी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की धरती के ऐसे महान सपूत थे, जिन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और राष्ट्रप्रेम की मिसाल रहा है।
उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में गरीब और शोषित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। अंग्रेजों के अत्याचार के सामने वे कभी नहीं झुके और देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
बेमेतरा में प्रतिमा बनेगी प्रेरणा का केंद्र
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीर योद्धाओं और जननायकों की गौरवशाली भूमि रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान योद्धाओं ने साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित वीर नारायण सिंह की प्रतिमा उनके त्याग और बलिदान की याद को हमेशा जीवित रखेगी। यह प्रतिमा नई पीढ़ी और युवाओं को राष्ट्रसेवा तथा समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी। देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
महासम्मेलन में केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल और अजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गोंड समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ये खबर भी पढ़ें—:




