छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जशपुर को 5.49 करोड़ की सौगात, बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम; खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जशपुर में फुटबॉल को नई उड़ान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन ने स्टेडियम निर्माण के लिए 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में खेल विभाग ने स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी है। आधुनिक सुविधाओं से तैयार होने वाला यह फुटबॉल स्टेडियम जिले के खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

जशपुर में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में लंबे समय से खासा उत्साह देखा जाता है। ऐसे में आधुनिक स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा और वे जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

स्टेडियम निर्माण को जशपुर की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बेहतर खेल अधोसंरचना मिलने से जिले में फुटबॉल गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है। इससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के लिए मिली 5.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button