Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

ओड़गी में लक्ष्मी राजवाड़े ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश

Lakshmi Rajwade reviews development works in Odgi; instructs officials to ensure the benefits of schemes reach the last person.

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित विकासखंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण करने पर भी जोर दिया। राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब हर पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्रमणि पैकरा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।