छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

अंबिकापुर से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का आगाज, अटल विहार में पौधरोपण के साथ बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अंबिकापुर से अभियान की शुरुआत की। प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मातृशक्ति के सम्मान के उद्देश्य से सरगवां स्थित अटल विहार योजना में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में बाउंड्रीवाल और ओपन जिम सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस अभियान के तहत अब तक सवा सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। अटल विहार कॉलोनी में लंबे समय से बाउंड्रीवाल की मांग की जा रही थी, जिसे पूरा करते हुए अब इसका निर्माण पूर्ण कर लोकार्पण किया गया है। पिछले वर्ष लगाए गए पौधे भी कॉलोनीवासियों के संरक्षण से अब वृक्ष का रूप लेने लगे हैं।

गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि अभियान को केवल अंबिकापुर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों को अधिक स्वच्छ, सुंदर, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।

सरगवां स्थित अटल विहार योजना में 9.70 एकड़ भूमि पर करीब 3859.22 लाख रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य किया गया है। इनमें HIG, Sr. MIG, Jr. MIG, LIG और EWS श्रेणी के आवास शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल, सड़क और अन्य विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।

कार्यक्रम में कॉलोनी के नन्हे बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिंतामणि महाराज ने की। इस दौरान महापौर मंजूषा भगत, निरुपा सिंह, हरमिंदर सिंह टिन्नी, दिव्या सिंह सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधि और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button