छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

PM आवास योजना से बदली हजारों ग्रामीण परिवारों की जिंदगी, 10,903 पक्के घर पूरे; नए आशियानों में गूंजी खुशियों की किलकारी

पक्के और सुरक्षित घर का सपना अब महासमुंद जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए हकीकत बन चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में 10,903 पक्के आवासों का निर्माण पूरा हो गया है। नए घर मिलने की खुशी में हितग्राही परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश किया।

जिले में पूर्ण हुए आवासों में महासमुंद के 2,921, बागबाहरा के 2,221, पिथौरा के 2,967, बसना के 1,132 और सरायपाली के 1,662 आवास शामिल हैं। सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी।

इसी क्रम में अप्रैल 2026 से अब तक जिले में नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में परिवारों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नए घरों को रंगोली, फूल-मालाओं और पारंपरिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया।

लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों के लिए नए घर में प्रवेश का पल भावुक और खुशी से भरा रहा। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राही परिवारों से संवाद कर उन्हें नए आशियाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

बागबाहरा विकासखंड के ग्राम भालूचुंवा की लक्ष्मीबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पक्का और सुरक्षित घर मिलने के बाद परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई है। अब बारिश, गर्मी और अन्य मौसम की परेशानियों से राहत मिलेगी।

वहीं ग्राम घोयनाबाहरा के हितग्राही सुकसिंग ने कहा कि पक्का मकान मिलने से परिवार को सम्मान और सुरक्षा के साथ बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है। हितग्राही परिवारों ने पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने वर्षों पुराने घर के सपने को साकार कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button