वायरल वीडियो पर CM साय का एक्शन, अंबिकापुर की बदहाल सड़क पर तुरंत सुधार के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों से आम लोगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क को लेकर सामने आए वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर खरसिया चौक की सड़क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। साथ ही अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
CM साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को भी निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि कलेक्टर आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर सड़कों की स्थिति देखें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर मार्गों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
बारिश के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त होने, जलभराव, पुल-पुलिया के आसपास कटाव या निर्माण कार्य के कारण दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की सड़क होने पर जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए तथा स्थायी निर्माण और मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।




