वनांचल को मिली विकास की नई रफ्तार, 1.48 करोड़ से 15.40 किमी सड़कों का होगा निर्माण

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल और बैगा बाहुल्य गांवों में सड़क सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। ग्राम मुड़घुसरी में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 1.48 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले तीन सड़क मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कुल 15.40 किलोमीटर लंबाई के इन मार्गों के बनने से ग्रामीणों के लिए आवागमन आसान होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार समेत जरूरी सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।
भूमिपूजन के तहत मुड़घुसरी से ठाकुरटोला तक 3.30 किमी, ठाकुरटोला से बांटीपथरा तक 4 किमी और सिंघारी से पांडातराई तक 8.40 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क सुविधाओं में सुधार से वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को बारिश और अन्य मौसम में आवागमन की परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों का रास्ता भी खोलती हैं।
उन्होंने कहा कि इन सड़क मार्गों के बेहतर होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक जाने और किसानों व ग्रामीणों को बाजार तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों से किया संवाद
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, प्रस्तावित विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




