नुआखाई पर CM साय की शुभकामनाएं, किसानों की खुशहाली और समृद्ध फसल की कामना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नुआखाई के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नई फसल के स्वागत के इस पर्व पर अन्नदाताओं की सुख-समृद्धि, बेहतर फसल और प्रदेश के हर परिवार में खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नुआखाई छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला यह त्योहार प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अन्न के सम्मान और किसानों की मेहनत को नमन करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि खेतों में तैयार होने वाली नई फसल किसान के परिश्रम का परिणाम होने के साथ-साथ प्रकृति की कृपा और कृषि प्रधान संस्कृति की समृद्धि का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी सिर्फ आजीविका का साधन नहीं, बल्कि प्रदेश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां के कई पर्व और परंपराएं कृषि चक्र, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ी हुई हैं।
साय ने कहा कि नुआखाई लोगों को अपनी मिट्टी, अपनी जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। यह पर्व परिवार और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश भी देता है। नई फसल की खुशियां जब परिवार और समाज मिलकर मनाते हैं तो लोक संस्कृति और अधिक जीवंत होती है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि छत्तीसगढ़ पर प्रकृति की कृपा सदैव बनी रहे। किसानों के खेत हरे-भरे रहें, फसलें लहलहाएं और अन्न के भंडार भरें। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आने की कामना की।




