17 सितंबर को दीपों से जगमगाएगा छत्तीसगढ़, टंकराम वर्मा ने की हर घर दीप जलाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में विशेष जनभागीदारी अभियान की तैयारी है। इस मौके पर राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी के दीप जलाने की अपील की है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना के लिए प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं। उन्होंने इसे सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना से जोड़ते हुए लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से टंकराम वर्मा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के तिल्दा क्षेत्र स्थित मोहभट्ठा पारा पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय कुम्हारों से स्वयं मिट्टी के दीप खरीदे। इस पहल के जरिए उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए माटी के शिल्पकारों और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प का उदाहरण हैं। उनके जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाना प्रेरणादायक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम प्रत्येक परिवार कम से कम एक मिट्टी का दीपक जरूर जलाए और इस जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बने।




