सूरजपुर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर अहम बैठक, गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

सूरजपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने की। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में दयालदास बघेल ने अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के साथ जिले के प्रत्येक गांव, पंचायत और नागरिक तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा के अवसर पर आयोजित इस अभियान से समाज के हर वर्ग को जोड़ना जरूरी है।
मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि पहले परिस्थितियां कैसी थीं और विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अब क्या बदलाव आया है।
उन्होंने पंचायत स्तर तक शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण और ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सभी कार्यक्रमों को भव्य, गरिमामय और जनभागीदारीपूर्ण बनाने के निर्देश दिए, ताकि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।
कलेक्टर रेना जमील ने अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की क्रमवार जानकारी दी। बैठक में वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



