छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बेमेतरा में ‘सेवा मेरा योगदान’ की गूंज, मंत्री दयालदास बघेल ने खुद संभाली झाड़ू, स्वच्छता का दिया संदेश

बेमेतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बेमेतरा में जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर सिग्नल चौक से प्रताप चौक तक चले इस अभियान में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान में प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल खुद हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे। उनके साथ विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता दीदियों और नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर सफाई की।

बेसिक स्कूल ग्राउंड स्थित गांधी भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री बघेल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक आदत और संकल्प बनाने की अपील की।

मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री बघेल ने साइबर ठगी से बचने के लिए भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने अनजान नंबरों से आने वाले कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा ऑनलाइन लेन-देन में किसी भी तरह के झांसे से बचने की अपील की।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने, नालियों में कचरा नहीं फेंकने और अपने वार्ड को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा दिवाकर, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, एसडीएम दिव्या पोटाई सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button