अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और स्कूली विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का समापन हो गया। सरगुजा जिले के संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 404 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम महापौर मंजूषा भगत शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में हार और जीत लगी रहती है, लेकिन किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। यहां तक पहुंचने वाले सभी खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़े हैं। हार किसी की काबिलियत को कम नहीं करती। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।
महापौर ने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ी खूब मेहनत करें और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाएं। इससे अपने राज्य, स्कूल, शिक्षकों और माता-पिता का नाम रोशन होगा।
बैडमिंटन, बास्केटबॉल और फुटबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बैडमिंटन के 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग ने पहला, रायपुर ने दूसरा और बिलासपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी आयु वर्ग की बालिका स्पर्धा में भी दुर्ग प्रथम रहा, जबकि रायपुर दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा।
19 वर्ष बालक बैडमिंटन वर्ग में दुर्ग ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में बस्तर ने बाजी मारी। दुर्ग दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल के 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरगुजा दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में भी रायपुर ने अपना दबदबा कायम रखा। इस वर्ग में दुर्ग दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा।
फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। सरगुजा दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस में बिलासपुर और रायपुर का शानदार प्रदर्शन
सॉफ्ट टेनिस की अलग-अलग आयु वर्ग की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। 14 वर्ष और 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने पहला स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों में रायपुर दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा।
19 वर्ष बालक वर्ग में भी बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दुर्ग दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहा।
बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में रायपुर का दबदबा देखने को मिला। 14 वर्ष वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय रहा। 17 वर्ष वर्ग में रायपुर ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और दुर्ग ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 19 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।
ओवरऑल चैंपियनशिप में रायपुर ने मारी बाजी
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की ओवरऑल रैंकिंग में रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। सरगुजा को चौथा और बस्तर को पांचवां स्थान मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में लगाया चार चांद
खेल प्रतियोगिताओं के समापन के साथ ही समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पश्चिम बंगाल की पारंपरिक वेशभूषा में बंगाली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर वहां की संस्कृति की झलक दिखाई।
वहीं उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कर्मा नृत्य की प्रस्तुति दी। बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर शानदार नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं मास्टर ऑफ सेरेमनी विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट भी आयोजित किया गया।
समापन समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा, डीएमसी सर्वजीत पाठक, खेल नोडल अधिकारी रविशंकर पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़ें —:











Leave a Reply