वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पीएम मोदी की ‘मन की बात’ सुनी

Minister Lakshmi Rajwade visited an old-age home and listened to PM Modi’s ‘Mann Ki Baat’ with the elderly residents.

रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर के मानव बस्ती स्थित शासकीय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और युवाओं की सकारात्मक भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने में महिलाओं के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि धरती मां को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाने में महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। कृषि और आजीविका के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी न केवल उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती दे रही है।

दीपावली और त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण कम करने की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने जेन-ज़ी और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को भी देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ को जनभागीदारी और देश की सामूहिक शक्ति से जुड़ने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए उन्हें देश के हर परिवार के सदस्य की तरह लोगों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ कार्यक्रम सुनकर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी इस जनसंवाद का हिस्सा बनीं।

ये खबर भी पढ़ें —:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *