मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से 277 श्रद्धालुओं को मिला पुरी दर्शन का अवसर, चांपा से रवाना हुई ट्रेन

cm-tirth-yatra-yojana-277-pilgrims-puri-jagannath-darshan-janjgir-champa

छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना प्रदेश के बुजुर्गों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए आस्था के नए द्वार खोल रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जा रही है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के 277 श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी रवाना किया गया।

चांपा रेलवे स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में तीर्थयात्रियों से भरी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह चार दिवसीय धार्मिक यात्रा 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इस दौरान श्रद्धालु ओडिशा के पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर स्थित प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर और राज कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजीनियर रवि पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इसके जरिए ऐसे श्रद्धालुओं को भी प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण यात्रा नहीं कर पाते।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके अलावा कोणार्क के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से भोजन, ठहरने, चिकित्सा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है।

तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए अपने खर्च पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार करने का अवसर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *