छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायगढ़ नगर निगम वेबसाइट हैक मामला

छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में इस वक्त सनसनी मची हुई है, जब रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अचानक से साइबर हमला हुआ और उसके मुख्य पृष्ठ पर पाकिस्तान का झंडा लहराने लगा। इस शर्मनाक घटना ने राज्य की साइबर सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोलकर रख दी है। तकनीकी मोर्चे पर बरती गई घोर लापरवाही के कारण देश के एक महत्वपूर्ण निकाय का डिजिटल पोर्टल दुश्मनों के इशारे पर चलने वाले हैकर्स के हवाले हो गया, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

गुरुवार रात को जब आम नागरिकों और अधिकारियों ने रायगढ़ नगर निगम के पोर्टल को खोला, तो वे सन्न रह गए। वेबसाइट के होमपेज पर पाकिस्तानी झंडे जैसा सिंबल और ‘हैक्ड बाय ओवरथ्रश 1337’ (Hacked By OVERTHRASH 1337) का भड़काऊ संदेश खुलेआम चमक रहा था। इस दुस्साहस ने यह साबित कर दिया है कि स्थानीय स्तर पर सरकारी वेबसाइटों की सुरक्षा कितनी कमजोर और खोखली है। क्या स्थानीय प्रशासन और आईटी सेल सिर्फ कागजी खानापूर्ति करने के लिए बैठे हैं? इतने संवेदनशील पोर्टल्स के पासवर्ड और सर्वर सुरक्षा को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैला, वैसे ही जिम्मेदारों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में तकनीकी टीम को सक्रिय किया गया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद वेबसाइट को दुरुस्त करने का दावा किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और छत्तीसगढ़ की किरकिरी राष्ट्रीय स्तर पर हो चुकी थी।

इस गंभीर चूक के बाद नगर निगम के आईटी सेल और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। हालांकि अधिकारियों का यह रटा-रटाया बयान सामने आया है कि नागरिकों का मुख्य डेटाबेस और संपत्ति कर का रिकॉर्ड सुरक्षित है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब सुरक्षा दीवार इतनी कमजोर थी, तो इतना बड़ा सेंध कैसे लग गई? क्या बिना किसी अंदरूनी मदद या भारी तकनीकी अनदेखी के यह मुमकिन था? इस घटना ने राज्य भर के सरकारी विभागों के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की पोल खोल दी है। यदि समय रहते इन लापरवाह अधिकारियों और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा चाबुक नहीं चलाया गया, तो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के अन्य सरकारी सर्वर भी इसी तरह डिजिटल गुलामी की दास्तां लिखते नजर आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button