
दुर्ग : अपनी जीवनदायिनी नदी खारुन को सहेजने के महती उद्देश्य को लेकर सैकडों पर्यावरण प्रेमी आज तरीघाट पहुंचे। यहां विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खोरपा तक 5 किमी लंबी दौड़ का आयोजन किया गया था। लोगों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सुबह साढ़े पांच बजे ही बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी तरीघाट में इकट्ठा हुए। यहां वन मंडलाधिकारी धम्मशील गनवीर ने लोगों को रवाना किया। खोरपा तक कारवां काफ ी बड़ा हो गया था।खोरपा में प्रथम स्थान पर आई रुक्मिणी साहू सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संदेश में वन मंडलाधिकारी श्री गणवीर ने कहा कि यह बहुत खुशी का अवसर है कि पर्यावरण को संरक्षित करने इतनी बड़ी संख्या में लोग आगे आये हैं।
पाटन ब्लॉक में 3 दिनों तक जो कार्यक्रम चले, उससे खारुन को संरक्षित करने के संबंध में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल बना है। पदयात्रा के माध्यम से, साईकल रैली के माध्यम से एवं दौड़ के माध्यम से बड़े तबके तक खारुन नदी के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश प्रसारित हुआ है। व्यापक पौधरोपण एवं उनके संरक्षण के सजग प्रयासों से हम हरियाली का विस्तार कर सकते हैं और जीवनदायिनी नदियों को बचाने के संबंध में बड़ा कदम उठा सकते हैं। कार्यक्रम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सब भी अपने पर्यावरण की बेहतरी के लिए संकल्पित हैं। हम अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाएंगे और अपने परिवेश को बेहतर करेंगे।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर : दिलीप षड़ंगी कलाकारों का साथ दें न कि कांग्रेस पार्टी का : राजेश अवस्थी
प्रथम स्थान पर आई रुखमणी ने बताया कि किसी सार्थक प्रयास के लिए श्रम करना बहुत अच्छा लगता है। हम सब यहां सुबह-सुबह आये और बड़े उत्साह से हिस्सा लिया, यह जीवनभर का यादगार अनुभव रहेगा। तीसरे स्थान पर आए अशोक वर्मा ने बताया कि मुझे जब जानकारी मिली कि पर्यावरण दिवस पर दौड़ का आयोजन किया जा रहा है तो मैं बहुत उत्साहित हुआ। आज तीसरे स्थान पर आने पर बहुत खुश हूं। मुझे खुशी है कि मैने भी पर्यावरण संरक्षण अभियान में हिस्सा लिया है।